अंतरराष्ट्रीय

ईरान ने पाकिस्तान की तारीफ़ करते हुए अब क्या कहा?
24-May-2026 9:16 AM
ईरान ने पाकिस्तान की तारीफ़ करते हुए अब क्या कहा?

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की यात्रा करके अपने देश लौट आए हैं.

इसके बाद पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने बताया कि पाकिस्तान कोशिशों की वजह से हाल की बातचीत अच्छी रही है.

रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने कहा कि अगर दूसरा पक्ष गंभीरता दिखाए, तो क्षेत्र में शांति स्थापित हो सकती है.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मोहसिन नक़वी ने तेहरान से लौटने के बाद ईरानी अधिकारियों के साथ हुई बातचीत की सफलता पर मुझे बधाई दी."

रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने लिखा, "अगर दूसरा पक्ष पूरी तरह से गंभीर रहेगा, तो एक अच्छा क़दम सामने आने वाला है. इस बातचीत में हुई तरक़्क़ी ईरान के रुख़, उसकी सेना की मज़बूती और जनता की हिम्मत का नतीजा है. साथ ही इसमें पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिशें भी शामिल हैं."

उन्होंने आगे लिखा, "मैं उम्मीद करता हूं कि पाकिस्तान की सरकार और सेना की सच्ची कोशिशें इस क्षेत्र में स्थायी शांति लाएंगी. ख़ासकर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़, फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर, विदेश मंत्री इसहाक़ डार और गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने ईमानदारी से कोशिश की है."

गौरतलब है कि पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी शुक्रवार को ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे थे. यहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की थी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट