अंतरराष्ट्रीय
पेशावर, 22 मई। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बुधवार और बृहस्पतिवार को देश के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चलाए गए सिलसिलेवार अभियानों के दौरान 23 आतंकवादियों को मार गिराया। सेना के मीडिया शाखा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
‘द इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशन्स’ (आईएसपीआर) ने बताया कि सैनिकों ने दत्ता खेल, स्पिनवाम और बन्नू सहित कई इलाकों में खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाए और आतंकवादियों के साथ भीषण गोलीबारी हुई।
सेना की मीडिया शाखा के अनुसार, इन अभियानों में 23 आतंकवादी मारे गए।
आईएसपीआर के अनुसार, वांछित आतंकवादी जान मीर उर्फ तूर साकिब भी इन अभियानों के दौरान मारा गया, जिससे क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादी गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
साकिब कई आतंकी गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए वांछित था, जिनमें सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों की हत्याएं शामिल हैं।
सेना ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों से हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक उपकरण (आईईडी) और देसी बम बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की जा रही भूमिगत सुरंगों और बंकरों के जाल का पता लगाकर उसे नष्ट कर दिया।
प्रभावित क्षेत्रों में बचे हुए आतंकवादियों का पता लगाने और उनको खत्म करने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
पाकिस्तान ने अपने 'अज़्म-ए-इस्तेहकाम' अभियान के तहत आतंकवाद विरोधी अभियानों को तेज कर दिया है। (भाषा)


