अंतरराष्ट्रीय
भारत समेत कई देशों के लोगों को अब थाईलैंड में 30 दिनों से अधिक ठहरने के लिए वीज़ा लेना होगा.
जुलाई 2024 से 93 देशों के पर्यटकों को बिना वीज़ा 60 दिनों तक थाईलैंड में रहने की अनुमति दी गई थी.
यह कदम कोविड महामारी के बाद अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया था.
लेकिन मंगलवार को थाई सरकार ने इस छूट को खत्म करने की योजना को मंजूरी दे दी.
अब यात्रियों के ठहरने की अवधि हर देश के लिए अलग-अलग तय की जाएगी.
सरकार ने सुरक्षा चिंताओं और जटिल वीज़ा व्यवस्था को इस बदलाव की वजह बताया है.
हाल के समय में दक्षिण-पूर्व एशियाई देश थाईलैंड में विदेशियों की कई चर्चित गिरफ्तारियां हुई हैं. इनमें ड्रग्स और सेक्स तस्करी से जुड़े मामले भी शामिल हैं.
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने कहा कि सरकार को लगा कि मौजूदा आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा परिस्थितियों के हिसाब से इस नीति में बदलाव जरूरी है.
60 दिन की वीज़ा छूट का लाभ पाने वाले देशों में ऑस्ट्रेलिया, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इटली, स्पेन और अमेरिका शामिल थे.
थाई विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इनमें से कई देशों के नागरिकों को अब 30 दिनों से अधिक रुकने के लिए वीज़ा लेना होगा.(bbc.com/hindi)


