अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं, जहां पर उनकी मुलाक़ात ईरानी गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी से हुई.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरानी टीवी ने ईरान और पाकिस्तान के गृह मंत्रियों की मुलाक़ात की तस्वीरें दिखाईं और इस मुलाक़ात को 'महत्वपूर्ण' बताया.
ईरानी टीवी के मुताबिक़, एस्कंदर मोमेनी ने मोहसिन नक़वी से कहा कि ईरान 'शांति का समर्थक' है और पाकिस्तान की कोशिशों की 'बहुत सराहना' करता है.
ईरान के गृह मंत्री ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ़ फ़ील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर की कोशिशों को 'ईमानदार और मज़बूत' बताया. साथ ही क्षेत्र में शांति और स्थिरता बढ़ाने में पाकिस्तान की भूमिका की तारीफ़ की.
ईरान और अमेरिका के बीच मौजूदा युद्धविराम में पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है और उसने एक बार शांति वार्ता के लिए वरिष्ठ ईरानी और अमेरिकी अधिकारियों की मेज़बानी भी की थी.
हालांकि, यह शांति वार्ता अब तक किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार को कहा कि ईरान को अमेरिका से संदेश मिले हैं, जिनमें बताया गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन बातचीत जारी रखने के लिए तैयार है. (bbc.com/hindi)


