अंतरराष्ट्रीय

चीन से लौटते हुए ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप
16-May-2026 9:32 AM
चीन से लौटते हुए ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि उन्हें ईरान के परमाणु कार्यक्रम को 20 साल के लिए निलंबित करने पर कोई आपत्ति नहीं है.

एयर फ़ोर्स वन विमान से, चीन से अमेरिका वापस लौटते वक़्त, शुक्रवार को उन्होंने यह भी कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने का समर्थन करते हैं.

ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, "चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग को पूरा विश्वास है कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हैं और शी चाहते हैं कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट खोल दे."

चीन की यात्रा से लौटने के बाद अमेरिकी पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वे कुछ ही दिनों में ईरान से तेल खरीदने वाली चीनी तेल कंपनियों पर लगे प्रतिबंध हटाने का फैसला करेंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि चीन अमेरिका से अरबों डॉलर मूल्य की सोयाबीन खरीदेगा, जो किसानों के लिए अच्छी खबर है.

ताइवान से जुड़े सवालों पर ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अभी तक ताइवान को हथियार मुहैया कराने की मंज़ूरी नहीं दी है, और वह ऐसा कर भी सकते हैं और नहीं भी.

उन्होंने कहा, "ताइवान के प्रति अमेरिकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है."

ट्रंप ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने ताइवान मुद्दे पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बात की है. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ताइवान को लेकर कोई संघर्ष होगा.

उन्होंने चीन को, ताइवान से जुड़ा कोई आश्वासन नहीं दिया.

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे राष्ट्रपति शी को तानाशाह मानते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, "मैं उन्हें चीन का राष्ट्रपति मानता हूं और उनका सम्मान करता हूं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट