अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक़, 11 पाकिस्तानी और 20 ईरानी नागरिकों को सुरक्षित वापस पाकिस्तान लाया जा रहा है.
ये लोग उन जहाज़ों पर सवार थे जिन्हें अमेरिकी अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा में रोका था.
पाकिस्तान के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री इसहाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि सभी लोगों को सिंगापुर के रास्ते सुरक्षित निकाला गया.
वहां से उन्हें बैंकॉक ले जाया गया, जहां से वे इस्लामाबाद जाने वाली फ्लाइट में सवार हो चुके हैं. उम्मीद है कि ये लोग आज रात इस्लामाबाद पहुंच जाएंगे.
वहीं ईरानी नागरिकों को बाद में उनके देश वापस भेजा जाएगा.
बयान में कहा गया है कि सभी लोग स्वस्थ हैं और उनका मनोबल अच्छा है.
अधिकारियों ने कहा कि विदेश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की सुरक्षा और मदद करना सरकार की पहली प्राथमिकता है, खासकर उन लोगों की जो मुश्किल में फंसे हों.
इस पूरे अभियान में मदद के लिए इसहाक डार ने सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालाकृष्णन, सिंगापुर के प्रधानमंत्री और वहां की सरकार का धन्यवाद किया.
उन्होंने ईरानी नागरिकों की वापसी के लिए पाकिस्तान पर भरोसा करने के लिए विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची का भी शुक्रिया अदा किया.
इसहाक डार ने अमेरिका और थाईलैंड की भी तारीफ की, जिन्होंने 31 लोगों की वापसी में सहयोग किया और बैंकॉक के रास्ते ट्रांजिट की सुविधा दी.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और सिंगापुर,थाईलैंड में मौजूद पाकिस्तानी दूतावासों की संयुक्त कोशिशों की वजह से यह अभियान सुरक्षित और सफल तरीके से पूरा हो सका. (bbc.com/hindi)


