अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप बुधवार को चीन की राजधानी बीजिंग पहुंचे, जहां उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है. यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि दोनों देशों के बीच व्यापार, ताइवान को अमेरिकी हथियारों की बिक्री और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने वाली है. ट्रंप का चीन में भव्य तरीके से स्वागत हुआ, जिसमें रेड कार्पेट, सैन्य सम्मान और सैकड़ों युवाओं द्वारा झंडे लहराते हुए उनका अभिनंदन करना शामिल था.
व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप का स्वागत चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग, वॉशिंगटन में चीन के राजदूत शिए फेंग, विदेश मंत्रालय के कार्यकारी उपमंत्री मा झाओशू और बीजिंग में अमेरिकी दूत डेविड पर्ड्यू ने किया. स्वागत समारोह में सैन्य सम्मान गार्ड, सैन्य बैंड और करीब 300 चीनी युवाओं ने हिस्सा लिया, जो चीनी और अमेरिकी झंडे लहराते हुए “स्वागत है, स्वागत है” के नारे लगा रहे थे.
गुरुवार को होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में ट्रंप विशेष रूप से व्यापार पर जोर देने की योजना बना रहे हैं. वे चीन से अमेरिकी उत्पादों जैसे सोयाबीन, बीफ और विमानों की खरीद बढ़ाने के लिए समझौते करना चाहते हैं. साथ ही, ट्रंप प्रशासन दोनों देशों के बीच मतभेद कम करने के लिए “बोर्ड ऑफ ट्रेड” की स्थापना की दिशा में भी काम करना चाहता है, जिससे हाल के वर्षों में चले व्यापारिक तनाव को कम किया जा सके. (dw.com/hi)


