अंतरराष्ट्रीय
यूरोप में जर्मन नागरिकों के बीच स्विट्जरलैंड सबसे पसंदीदा प्रवासन गंतव्य बन गया है. जर्मनी के संघीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार, 2025 की शुरुआत में करीब 3.3 लाख जर्मन नागरिक स्विट्जरलैंड में रह रहे थे. पिछले 10 वर्षों में वहां रहने वाले जर्मनों की संख्या में लगभग 10.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. इस बढ़ोतरी के पीछे भौगोलिक नजदीकी और भाषा की समानता को मुख्य कारण माना जा रहा है.
स्विट्जरलैंड के बाद ऑस्ट्रिया जर्मन प्रवासियों के लिए दूसरा सबसे लोकप्रिय देश है. 2025 की शुरुआत तक वहां करीब 2.4 लाख जर्मन नागरिक रह रहे थे, जो ऑस्ट्रिया में सबसे बड़ा विदेशी समुदाय बनाते हैं. जर्मन भाषा दोनों देशों में प्रचलित होने से लोगों को यहां बसने और काम करने में आसानी होती है, जिससे इन देशों की ओर रुझान लगातार बढ़ रहा है.
इसके विपरीत, दक्षिणी यूरोप में स्पेन खासतौर पर बुजुर्ग जर्मनों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. आंकड़ों के मुताबिक, स्पेन में लगभग 1.32 लाख जर्मन नागरिक रह रहे हैं. बेहतर मौसम, आरामदायक जीवनशैली और रिटायरमेंट के लिए अनुकूल माहौल होने के कारण ज्यादा उम्र के लोग स्पेन की ओर पलायन करना पसंद कर रहे हैं. (dw.com/hi)


