अंतरराष्ट्रीय
नीदरलैंड्स के जहाज़ एमवी होंडियस पर हंता वायरस के कुछ मामलों की पुष्टि हुई थी और तीन लोगों की मौत भी हो गई थी.
इस जहाज़ पर दो भारतीय भी सवार थे, जिन्हें नीदरलैंड्स ले जाया गया है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं.
स्पेन में भारतीय दूतावास ने बताया, "दोनों भारतीयों में (हंता वायरस के) कोई लक्षण नज़र नहीं आए हैं. स्पेन के नेशनल सेंटर फ़ॉर इमरजेंसी मॉनिटरिंग एंड को-ऑर्डिनेशन ने बताया कि ये दोनों भारतीय नागरिक नीदरलैंड्स ले जाए गए हैं जहां उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा नियमों के अनुसार क्वारंटीन किया जाएगा."
दूतावास ने लिखा, "राजदूत स्पेनिश अधिकारियों और उन दोनों भारतीय नागरिकों (क्रू सदस्य) के साथ लगातार संपर्क में हैं और स्थिति पर नज़र रख रहे हैं ताकि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके."
गौरतलब है कि यह जहाज़ 1 अप्रैल को अर्जेंटीना से चला था और वायरस फैलने की खबर के बाद रविवार को स्पेन के कैनरी आइलैंड्स पहुंचा. (bbc.com/hindi)


