अंतरराष्ट्रीय
-माइकल तेफेरी
इथियोपिया के हरारी में एक महिला ने 12 साल तक कोशिश करने के बाद आख़िरकार एक साथ पांच बच्चों को जन्म दिया है.
बेद्रिया अदेम नाम की इस महिला ने कहा कि वह और उनके पति एकसाथ पांच बच्चों के होने से "बेहद ख़ुश" हैं.
अस्पताल ने बताया कि 35 वर्षीय महिला ने हिवोट फाना स्पेशलाइज़्ड अस्पताल में चार लड़कों और एक लड़की को जन्म दिया. सभी बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं.
बेद्रिया अदेम ने बीबीसी को बताया, "मैं अपनी ख़ुशी को शब्दों में बयान नहीं कर सकती."
उन्होंने वो दौर याद किया जब वह काफ़ी डिप्रेशन में चली गई थीं. अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. मोहम्मद नूर अब्दुलाही ने बताया कि मां और बच्चे अस्पताल की देखरेख में हैं.
बच्चों का वजन 1.3 से 1.4 किलोग्राम के बीच है.
उन्होंने बीबीसी को बताया कि एक किलोग्राम से अधिक वज़न वाले नवजात शिशुओं के जीवित रहने और स्वस्थ विकास की उम्मीद अधिक होती है.
डॉक्टर ने बीबीसी को बताया कि बेद्रिया ने बिना किसी 'इन विट्रो फ़र्टिलाइजे़शन' (आईवीएफ) की मदद के स्वाभाविक रूप से गर्भधारण किया था. (bbc.com/hindi)


