अंतरराष्ट्रीय

ईरान पर हमले के बाद से अमेरिका में 50 फीसदी महंगा हुआ पेट्रोल
07-May-2026 11:32 AM
ईरान पर हमले के बाद से अमेरिका में 50 फीसदी महंगा हुआ पेट्रोल

अमेरिकी ऑटोमोबाइल एसोसिएशन के मुताबिक, फरवरी में जब से अमेरिका और इस्राएल का ईरान के साथ युद्ध शुरू हुआ है, तब से अमेरिका में पेट्रोल की कीमत 50 फीसदी बढ़ गई है. मंगलवार, 5 मई की रात तक अमेरिका में रेगुलर पेट्रोल के एक गैलन की कीमत औसतन 4.48 डॉलर तक पहुंच गई.

ऐसा कच्चे तेल की बढ़ी कीमतों के कारण हो रहा है. होर्मुज जलडमरूमध्य के जलमार्ग को ईरान नियंत्रित करता है और दुनिया का 20 फीसदी कच्चा तेल आमतौर पर यहीं से गुजरता है. युद्ध के चलते इस जलमार्ग के बंद हो जाने से तेल के कई सौ टैंकर यहां फंसे हुए हैं. साथ ही ईरान समेत खाड़ी देशों के तेल संयंत्रों को नुकसान पहुंचा है. इससे आपूर्ति लंबे समय तक घटी रह सकती है.

एस एंड पी ग्लोबल एनर्जी में ग्लोबल फ्यूल रिटेल के डायरेक्टर रॉब स्मिथ ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया, "शुरुआती युद्धविराम की घोषणा के बाद यह उम्मीद थी कि यह संघर्ष के अंत की शुरुआत हो सकती है. लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता कि सरकारें क्या कहती हैं या मार्केट में लोग क्या सोचते हैं, जब तक होर्मुज बंद रहेगा, बढ़ती कीमतों का दबाव रहेगा."

अमेरिका में गैस स्टेशनों के मालिक पंप पर कीमतें तय करते हैं. लेकिन वे क्या दाम लेंगे, इस फैसले में बहुत से कारक शामिल होते हैं. बाजार में तेल की कमी का मतलब है तेल और पेट्रोल की ऊंची कीमतें.

इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य के असल में बंद होने से तेल बाजारों के इतिहास में आपूर्ति की सबसे बड़ी रुकावट पैदा हुई. इसी के चलते अप्रैल की शुरुआत में तेल की कीमतें 112 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं. (dw.com/hi)

 


अन्य पोस्ट