अंतरराष्ट्रीय
जर्मन चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स ने बुधवार, 6 मई को कहा कि वे अच्छे ट्रांसअटलांटिक संबंधों के लिए प्रतिबद्ध हैं, फिर भले ही वे ईरान युद्ध के मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से असहमत हों. मैर्त्स ने पब्लिक ब्रॉडकास्टर जेडडेएफ से कहा,"हमारे बीच असहमति है, पर वह मुझे मंजूर है." उन्होंने कहा, "मैं भविष्य में भी अपने मन की बात कहता रहूंगा. मैं इस बारे में उनसे (ट्रंप) बात करूंगा."
जर्मन चांसलर ने कहा, "हम फोन पर नियमित रूप से बात करते हैं. लेकिन एक अच्छी साझेदारी में मतभेदों को सहने की क्षमता होनी चाहिए." हाल ही में ट्रंप की ईरान युद्ध को लेकर मैर्त्स के साथ तीखी बहस हुई है. 6 मई को मैर्त्स के चांसलर कार्यकाल का एक साल पूरा हुआ है.
उन्होंने कहा कि मैर्त्स को नहीं पता था कि वे क्या कह रहे थे. ट्रंप ने चांसलर को अप्रभावी भी बताया. इससे पहले मैर्त्स ने कहा था कि युद्ध खत्म करने की बातचीत में ईरान, अमेरिका को अपमानित कर रहा है. मैर्त्स के बयान के बाद ट्रंप प्रशासन ने जर्मनी से पांच हजार अमेरिकी सैनिक वापस बुलाने का ऐलान किया था. यूरोप में सबसे ज्यादा अमेरिकी सैनिक जर्मनी में ही हैं. (dw.com/hi)


