अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट में फंसे हुए जहाज़ों को निकालने के लिए शुरू किए गए अमेरिकी अभियान को "कुछ समय के लिए" रोका जाएगा.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने यह फ़ैसला पाकिस्तान के अनुरोध पर लिया है, जिसने अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई है. उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रहेगी.
ट्रंप के इस फ़ैसले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उनके साहसी नेतृत्व और होर्मुज़ स्ट्रेट में 'प्रोजेक्ट फ़्रीडम' को रोकने के संबंध में उनकी ओर से समय पर किए गए एलान के लिए आभारी हूँ."
उन्होंने कहा है कि इस संवेदनशील समय में पाकिस्तान और अन्य मित्र देशों की ओर से किए गए अनुरोध पर ट्रंप की उदार प्रतिक्रिया क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देगी.
शहबाज़ शरीफ़ ने पाकिस्तान और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मन बिन सलमान की ओर से ट्रंप को किए गए अनुरोध का ख़ास ज़िक्र किया.
शहबाज़ शरीफ़ ने लिखा, ''पाकिस्तान उन सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जो संयम को बढ़ावा देते हैं और, बातचीत और कूटनीति के माध्यम से संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में काम करते हैं.''
उन्होंने कहा है कि "हमें पूरी उम्मीद है कि मौजूदा प्रगति एक ऐसे स्थायी समझौते की ओर ले जाएगी, जो इस क्षेत्र और उससे बाहर भी स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करेगा." (bbc.com/hindi)


