अंतरराष्ट्रीय
-ह्यूगो बाचेगा
इमेज कैप्शन,इसराइल का कहना है कि हमला हिज़्बुल्लाह की ख़ास रदवान फ़ोर्स के एक कमांडर को निशाना बनाने के लिए किया गया
इसराइल ने हिज़्बुल्लाह के साथ सीज़फ़ायर पर सहमति जताने के बावजूद बुधवार की शाम बेरूत पर हमला किया है.
यह हमला बेरूत शहर के दक्षिणी हिस्से दहीये में हुआ, जहां हिज़्बुल्लाह का ठिकाना है. ऑनलाइन डाली गई तस्वीरों में आग की लपटें और एक क्षतिग्रस्त इमारत नज़र आ रही है.
इज़राइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने बयान में कहा कि उन्होंने ख़ुद इस हमले को मंज़ूरी दी थी. यह हमला हिज़्बुल्लाह की ख़ास रदवान फ़ोर्स के एक कमांडर को निशाना बनाने के लिए किया गया.
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, इस यूनिट के सदस्य बैठक कर रहे थे, तभी हमला हुआ. हिज़्बुल्लाह की तरफ़ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
इसराइल के ज़्यादातर हवाई हमले दक्षिणी लेबनान में हुए हैं. सेना का कहना है कि वह हिज़्बुल्लाह से जुड़े ठिकानों और उसके सदस्यों को निशाना बना रही है.
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले हफ़्ते इन हमलों में पूरे देश में 120 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. बता दें कि मंत्रालय हिज़्बुल्लाह के सदस्यों को भी लोगों की गिनती में जोड़ता है.(bbc.com/hindi)


