अंतरराष्ट्रीय
बांग्लादेश में खसरे की बीमारी के फैलने के चलते मार्च से लेकर अब तक 311 बच्चों की मौत हो चुकी है. सोमवार, 4 मई को जारी किए गए डेटा में यह जानकारी मिली है. इसके अलावा, संदिग्ध मामलों की संख्या बढ़कर 41,000 से अधिक हो गई है. देश में सबसे ज्यादा मामले छह महीने से पांच साल के बच्चों में सामने आ रहे हैं.
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक, खसरा तेजी से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है जो छोटे बच्चों के लिए संभावित रूप से घातक भी है. इसके चलते बुखार और सांस संबंधी परेशानियां होती हैं. खसरे को फैलने से रोकने के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है, लेकिन यह तभी पूरी तरह कामयाब होता है जब 95 फीसदी आबादी को इसका टीका लग चुका हो.
बांग्लादेश में बीते समय में हुई राजनीतिक उठापटक के चलते खसरे का टीकाकरण अभियान प्रभावित हुआ है. लेकिन अब सरकार बच्चों को इसका टीका लगवाने पर जोर दे रही है. अधिकारियों ने कहा है कि बच्चों के बीमार होने की स्थिति में उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल लेकर जाना जरूरी है, ताकि उन्हें समय पर उचित इलाज मिल सके. (dw.com/hi)


