अंतरराष्ट्रीय
चीन ने कहा है कि वह ईरानी तेल खरीदने वाली पांच कंपनियों पर लगाई गई अमेरिकी पाबंदियों को नहीं मानेगा.
चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा, "ये पाबंदियां अन्य देशों के साथ सामान्य आर्थिक और व्यापारिक कामकाज करने से चीनी कंपनियों को रोकती हैं. अंतरराष्ट्रीय क़ानून और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन करती हैं."
मंत्रालय ने कहा कि वह अमेरिकी पाबंदियों को मान्यता नहीं देता और चीनी कंपनियों व संस्थानों को इन्हें लागू नहीं करना चाहिए.
मंत्रालय ने आगे कहा, "चीनी सरकार हमेशा उन एकतरफ़ा पाबंदियों का विरोध करती है जो संयुक्त राष्ट्र की मंज़ूरी के बिना और अंतरराष्ट्रीय क़ानून पर आधारित नहीं होतीं."
कल ही अमेरिका ने एक और चीनी कंपनी पर पाबंदी लगाई थी. अमेरिका ने कहा था कि चीनी कंपनी ने "लाखों बैरल" ईरानी कच्चा तेल आयात किया और ईरान के लिए अरबों डॉलर की आमदनी जुटाई.
हालांकि, चीन के वाणिज्य मंत्रालय के बयान में उस कंपनी का नाम नहीं बताया गया है.
गौरतलब है कि अमेरिका की ओर से ये पाबंदियां ऐसे समय में सामने आई हैं जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसी महीने चीन की यात्रा पर जाएंगे और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे. (bbc.com/hindi)


