अंतरराष्ट्रीय

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसराइली हमलों में 13 लोगों की मौत का दावा किया
02-May-2026 10:13 PM
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसराइली हमलों में 13 लोगों की मौत का दावा किया

-जेमी व्हाइटहेड

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, दक्षिणी लेबनान में इसराइल के हवाई हमलों में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें चार महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं.

नबातियेह ज़िले के हाबूश में इसराइल डिफेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ) ने पहले जगह खाली करने का आदेश जारी किया था. यहां हुए हमले में दो महिलाएं और एक बच्चा समेत आठ लोग मारे गए हैं.

वहीं सिदोन ज़िले के ज़रारियेह में चार लोगों की मौत हुई, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं, जबकि टायर ज़िले के ऐन बाल में एक अन्य व्यक्ति की जान गई.

इन हमलों में कुल 32 लोग घायल हुए.

इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच तीन हफ़्तों के लिए सीज़फ़ायर की मियाद बढ़ाए जाने के बावजूद लड़ाई जारी है.

शनिवार को ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह ने कहा कि उसने लेबनान में इसराइली सैनिकों और सैन्य वाहनों को निशाना बनाया.

इसराइली सेना ने कहा कि दक्षिणी लेबनान में गुरुवार को लड़ाई के दौरान उसके एक सैनिक की मौत हुई. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट