अंतरराष्ट्रीय

तुर्की में मई दिवस पर मार्च करने निकले सैकड़ों मजदूर हिरासत में
02-May-2026 11:10 AM
तुर्की में मई दिवस पर मार्च करने निकले सैकड़ों मजदूर हिरासत में

तुर्की में मई दिवस के मौके पर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों पर पुलिस की कार्रवाई के बाद 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है. अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर ये लोग ताकसिम स्क्वेयर पर जाना चाहते थे. अधिकारियों ने इस इलाके में भीड़ जुटाने पर रोक लगा दी थी.

दंगा नियंत्रण पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और पानी की तेज बौछार का प्रयोग किया. स्थानीय मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक चौराहे की तरफ जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया था. हल्क टीवी पर दिखाई जा रही खबरों में लोगों को पुलिस की गाड़ियों में जबरन बिठाते देखा जा सकता है. वकीलों के संगठन प्रोग्रेसिव लॉयर्स एसोसिएशन ने हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या 300 से ज्यादा बताई है. स्वतंत्र रूप से इन आंकड़ों की पुष्टि अभी नहीं हुई है.

इस्तांबुल के गवर्नर कार्यालय ने पहले ही घोषणा की थी कि सुरक्षा कारणों से ताकसिम स्क्वेयर और आसपास के इलाकों में प्रदर्शन और मार्च की अनुमति नहीं है. अधिकारियों ने कुछ मेट्रो स्टेशन और शहर की कुछ प्रमुख सड़कों को भी एहतियातन बंद कर दिया था.

मई दिवस के मौके पर ताकसिम स्क्वेयर पर रैली का तुर्की के मजूदर आंदोलन के लिए प्रतीकात्मक महत्व है. हालांकि 2012 से ही यहां रैली करने पर प्रतिबंध लागू है. 1977 में यहां आंदोलन कर रहे मजदूरों पर अज्ञात बंदूकधारी ने गोली चला कर 34 लोगों की जान ले ली थी. मजदूरों के लिए उसके बाद इस जगह की अहमियत और बढ़ गई. हालांकि सरकार यहां प्रदर्शन की अनुमति नहीं देना चाहती है. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट