अंतरराष्ट्रीय
ईरान ने अमेरिका से बातचीत के लिए मध्यस्थ पाकिस्तान को एक नया प्रस्ताव भेजा है. ईरान की सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी.
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए का कहना है, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ने पाकिस्तान को अमेरिका के साथ बातचीत में मध्यस्थ के रूप में बातचीत के लिए एक नया प्रस्ताव भेजा है." हालांकि इस प्रस्ताव में क्या शामिल किया गया है इसकी जानकारी नहीं दी गई है.
ईरान और अमेरिका ने करीब 40 दिन की लड़ाई के बाद संघर्ष विराम किया और फिर एक दौर की बातचीत दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने की. उसके बाद से यह बातचीत रुकी हुई है. इस बीच अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी कर दी है. दूसरी तरफ ईरान युद्ध शुरू होने के बाद ईरान ने होर्मुज के रास्ते से जहाजों का गुजरना मोटे तौर पर बंद कर दिया है. युद्ध शुरु होने के बाद यहां से इक्के दुक्के जहाज ही गुजर सके हैं.
शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने टेलिफोन पर सऊदी अरब, कतर, तुर्की, इराक और अजरबाइजान के विदेश मंत्रियों से बात की. ईरानी विदेश मंत्रालय से जारी बयान के मुताबिक इस बातचीत में "इस्लामिक रिपब्लिक के युद्ध खत्म करने के लिए ताजा कदमों पर चर्चा हुई." (dw.com/hi)


