अंतरराष्ट्रीय

इसराइल ने ग़ज़ा के लिए मदद ले जा रहीं 22 नावों को रोका, 175 एक्टिविस्ट हिरासत में
01-May-2026 8:26 AM
इसराइल ने ग़ज़ा के लिए मदद ले जा रहीं 22 नावों को रोका, 175 एक्टिविस्ट हिरासत में

-डेविड ग्रिटेन

फ़लस्तीन समर्थक एक्टिविस्टों का कहना है कि ग़ज़ा के लिए मदद लेकर जा रहे एक फ़्लोटिला (बेड़े) की 22 नावों को ग्रीस के क्रीट द्वीप के पास अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में इसराइली बलों ने रोक लिया है.

ग्लोबल सुमूद फ़्लोटिला (जीएसएफ़) के आयोजकों ने इस कार्रवाई को "डकैती" बताया है. उनका कहना है कि ग़ज़ा से 965 किलोमीटर से ज़्यादा दूर मौजूद लोगों को ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से हिरासत में लिया गया.

ग़ज़ा में इसराइल ने नौसैनिक नाकाबंदी कर रखी है.

इसराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि क़रीब 175 एक्टिविस्ट को हिरासत में लिया गया है और फ़्लोटिला को "पीआर स्टंट" बताया. विदेश मंत्री गिडियन सार ने कहा कि इन्हें गुरुवार को बाद में "ग्रीस के एक बीच पर उतारा जाएगा".

जीएसएफ़ के आंकड़ों के मुताबिक़, फ़्लोटिला की बाक़ी 36 नावों में से ज़्यादातर इस समय क्रीट के दक्षिणी तट के पास हैं.

यह फ़्लोटिला दो हफ़्ते पहले रवाना हुआ था. इसमें कुल 58 जहाज़ स्पेन, फ़्रांस और इटली से शामिल हुए थे. इसका मक़सद ग़ज़ा पर इसराइल की नाकाबंदी को तोड़ना था. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट