अंतरराष्ट्रीय

लंदन में दो यहूदियों पर चाकू से हमले को पुलिस ने 'आतंकवादी घटना' बताया
30-Apr-2026 8:43 AM
लंदन में दो यहूदियों पर चाकू से हमले को पुलिस ने 'आतंकवादी घटना' बताया

Metropolitan Police


उत्तरी लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाक़े में बुधवार सुबह दो यहूदी पुरुषों पर चाकू से हमला हुआ, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में 'आतंकवादी घटना' घोषित कर दिया.

76 और 34 साल के जिन दो लोगों पर हमला हुआ, उनका मौक़े पर इलाज किया गया और वे अस्पताल में स्थिर हालत में हैं.

काउंटर-टेरर पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इस हमले में लंदन के यहूदी समुदाय को जानबूझकर निशाना बनाया गया.

इस मामले में 45 साल का एक व्यक्ति पुलिस हिरासत में है. इस शख़्स की पहचान ब्रिटिश नागरिक के रूप में हुई है.

पुलिस की ओर से जारी बॉडी-वॉर्न फुटेज में गिरफ़्तारी से पहले के पल दिखाई देते हैं. इसमें पुलिसकर्मी संदिग्ध से बार-बार "चाकू गिरा दो" कहते हुए सुनाई देते हैं, जिसके बाद टेज़र गन का इस्तेमाल कर संदिग्ध को ज़मीन पर गिराकर गिरफ़्तार किया जाता है.

इस घटना के बाद ब्रिटेन में यहूदी समुदाय की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं सामने आई हैं. चीफ़ रब्बी सर एफ्राइम मिर्विस ने कहा कि यह घटना दिखाती है कि "अगर आप अपने पहनावे से यहूदी नज़र आते हैं, तो आप सुरक्षित नहीं हैं".

यहूदी सुरक्षा समूह शोम्रिम के एक सदस्य ने कहा, "यह एक के बाद एक होता जा रहा है."

प्रधानमंत्री सर किएर स्टार्मर ने कहा कि यह "यहूदी-विरोधी हमला बेहद भयावह" है और उन्होंने कहा कि समुदाय की सुरक्षा के लिए बढ़ाई गई फंडिंग को और बढ़ाने की ज़रूरत है.

बकिंघम पैलेस ने भी कहा कि किंग इस घटना से यहूदी समुदाय पर असर को लेकर "गहरी चिंता" में हैं. (bbc.com/hindi/)


अन्य पोस्ट