अंतरराष्ट्रीय
-योगिता लिमये और गैब्रिएला पोमेरे
अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत कुनार में सोमवार को हुए हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई और 75 से ज़्यादा लोग घायल हुए.
अफ़ग़ानिस्तान के तालिबान शासन के अधिकारियों का आरोप है कि ये हमले पाकिस्तान ने किए.
तालिबान शासन के डिप्टी प्रवक्ता हमदुल्लाह फ़ित्रत ने दावा किया कि सोमवार दोपहर 2 बजे शुरू हुए पाकिस्तानी हमलों में मोर्टार और रॉकेट दाग़े गए.
जबकि कुछ सूत्रों ने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि लड़ाकू विमान और ड्रोन भी इस्तेमाल किए गए.
तालिबान के मुताबिक़, घायलों में यूनिवर्सिटी के 30 छात्र, बच्चे और आम नागरिक शामिल हैं.
दूसरी तरफ़, पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा है कि यूनिवर्सिटी और रिहायशी इलाक़ों को निशाना बनाने की ख़बरें झूठी हैं.
कुछ हफ़्ते पहले अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र पर हवाई हमला हुआ था, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के अनुसार 269 लोगों की मौत हुई थी.(bbc.com/hindi)


