अंतरराष्ट्रीय
व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ डिनर के दौरान संदिग्ध फ़ायरिंग की आवाज़ों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भारी हथियारों से लैस सुरक्षा कर्मियों के बीच जल्दबाज़ी में कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाया गया है.
यह कार्यक्रम वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित था.
इसके बाद ट्रंप की पहली प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने बताया कि हमलावर को "गिरफ़्तार कर लिया गया है."
ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा, "सीक्रेट सर्विस और लॉ एनफ़ोर्समेंट एजेंसियों ने शानदार काम किया. उन्होंने तेज़ी और बहादुरी से कार्रवाई की."
उन्होंने कहा, "हमलावर को गिरफ़्तार कर लिया गया है और मैंने सुझाव दिया है कि कार्यक्रम जारी रहने दें, लेकिन मैं पूरी तरह लॉ एनफ़ोर्समेंट एजेंसियों के निर्देश पर चलूंगा."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि उनकी आज (शनिवार) की शाम अब योजना के मुताबिक़ नहीं रहेगी. (bbc.com/hindi)


