अंतरराष्ट्रीय

यूक्रेन के खिलाफ लड़ने वाले रूसी सैनिकों के लिए यूरोप के दरवाजे बंद करने का प्रस्ताव
25-Apr-2026 9:42 AM
यूक्रेन के खिलाफ लड़ने वाले रूसी सैनिकों के लिए यूरोप के दरवाजे बंद करने का प्रस्ताव

यूरोपीय संघ में रूस के उन सैनिकों की एंट्री पर रोक लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, जिन्होंने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में हिस्सा लिया है. एस्टोनिया के विदेश मंत्री मारगुस साखना ने ब्रसेल्स में हुई ईयू बैठक के दौरान कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद कई रूसी सैनिक यूरोप आना चाह सकते हैं. उन्होंने कहा कि आम जनता को यह समझा पाना मुश्किल होगा. उन्होंने आगे जोड़ा, “वे बहुत खतरनाक लोग हैं.” एक दस्तावेज के मुताबिक, 2022 से अब तक करीब 15 लाख रूसी नागरिक इस युद्ध में शामिल रहे हैं, जिनमें से लगभग 6.4 लाख अभी भी सक्रिय हैं.

प्रस्ताव में कहा गया है कि इन सैनिकों के पास लड़ाई का अनुभव है और हिंसा का इस्तेमाल उनकी सामान्य प्रवृत्ति बन सकता है. इससे यूरोप में न सिर्फ हिंसक अपराध बढ़ने का खतरा है, बल्कि संगठित अपराध, चरमपंथी समूहों और दुश्मन देशों की गतिविधियों के लिए भी रास्ता खुल सकता है. दस्तावेज यह भी बताता है कि रूस में पहले से ही पूर्व सैनिकों के लौटने के बाद गंभीर अपराधों में बढ़ोतरी देखी गई है, और 2025 की पहली छमाही में अपराध 15 साल के उच्च स्तर पर पहुंच गए.

इस प्रस्ताव में मांग की गई है कि ईयू और शेंगेन देश ऐसे सभी रूसी नागरिकों को वीजा और रेजिडेंस परमिट देने से इनकार करें, जो इस युद्ध में शामिल रहे हैं. हालांकि, कुछ राजनयिकों का कहना है कि इसे लागू करना आसान नहीं होगा, क्योंकि अलग-अलग देशों के वीजा नियम अलग हैं और यह साबित करना भी चुनौतीपूर्ण होगा कि कौन सैनिक युद्ध में शामिल था. इसके बावजूद एस्टोनिया का कहना है कि अगर इच्छा हो, तो सब कुछ मुमकिन है. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट