अंतरराष्ट्रीय

ईरानी सेना का दावा- अमेरिकी नाकाबंदी तोड़कर उसका टैंकर दक्षिणी बंदरगाह में घुसा, ट्रंप ने ये कहा
22-Apr-2026 9:29 AM
ईरानी सेना का दावा- अमेरिकी नाकाबंदी तोड़कर उसका टैंकर दक्षिणी बंदरगाह में घुसा, ट्रंप ने ये कहा

ईरान की सेना ने दावा किया है कि अमेरिकी नाकाबंदी तोड़कर एक ईरानी टैंकर दक्षिणी बंदरगाह में प्रवेश कर गया है.

ईरान की आधिकारिक न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए और ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने इस दावे को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किए हैं.

बीबीसी फ़ारसी के मुूताबिक़ सेना ने एक बयान में कहा, "अमेरिकी नेवी की आतंकवादी सेना की कई चेतावनियों और धमकियों के बावजूद अरब सागर से गुज़रने के बाद ईरानी तेल टैंकर पूरी सुरक्षा के साथ कल रात ईरानी क्षेत्रीय जल में प्रवेश कर गया."

इस बयान में दावा किया गया है कि यह टैंकर (सिली सिटी) अपनी सेना और नौसेना की मदद के साथ आगे बढ़ा और कुछ घंटों से ईरान के दक्षिणी बंदरगाहों में से एक पर रुका हुआ है.

इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने थोड़ी ही देर पहले ट्रुथ सोशल पर एक ताज़ा पोस्ट में कहा, "ईरान ने कई बार सीज़फ़ायर को तोड़ा है."

हालाँकि उन्होंने अपनी पोस्ट में किसी घटना का ज़िक्र नहीं किया है.

इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना की केंद्रीय कमान 'सेंटकॉम' ने कल एक संक्षिप्त बयान में कहा था कि ईरान की नौसैनिक नाकाबंदी शुरू होने के बाद से, "अमेरिकी सेना ने 27 जहाज़ों को ईरानी बंदरगाहों से दूर रहने या वापस लौटने के लिए मजबूर किया है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट