अंतरराष्ट्रीय
इस्लामाबाद, 21 अप्रैल। अमेरिका और ईरान ने संकेत दिया है कि वे इस्लामाबाद में नए दौर की युद्धविराम वार्ता में शामिल होंगे। दो क्षेत्रीय अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों की ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब न तो अमेरिका और न ही ईरान ने सार्वजनिक रूप से वार्ता के समय की पुष्टि की है। वहीं, ईरानी सरकारी टेलीविजन ने इस बात से इनकार किया है कि उनके देश का कोई अधिकारी पहले से ही पाकिस्तान की राजधानी में मौजूद है।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के नेतृत्व वाले मध्यस्थों को इस बात की पुष्टि की गई है कि शीर्ष वार्ताकार, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कलिबाफ, वार्ता में अपने-अपने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए बुधवार तड़के इस्लामाबाद पहुंचेंगे।
अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह का युद्धविराम समाप्त होने वाला है।
दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर युद्धविराम की समयसीमा से पहले कोई समझौता नहीं हुआ, तो ‘‘बम गिरने शुरू हो जाएंगे।’’ वहीं ईरान के मुख्य वार्ताकार ने कहा है कि तेहरान के पास 'युद्ध के मैदान में ऐसे नए पत्ते’ हैं, जिनका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।
अगर बातचीत फिर से शुरू होती है तो युद्धविराम की अवधि बढ़ने की संभावना है। ‘व्हाइट हाउस’ के अधिकारियों ने कहा है कि वेंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, लेकिन ईरान ने यह नहीं बताया है कि वह किसे भेजेगा। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने मंगलवार को एक संदेश प्रसारित किया जिसमें कहा गया कि ‘‘ईरान से कोई प्रतिनिधिमंडल अभी तक इस्लामाबाद नहीं गया है।’’
होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण वार्ता की कुंजी है।
अमेरिका ने तेहरान पर दबाव बनाने के लिए ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी कर दी है, ताकि वह होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका एकाधिकार समाप्त करे। यह एक महत्वपूर्ण समुद्री परिवहन मार्ग है, जिसके जरिये युद्ध से पहले विश्व की 20 प्रतिशत प्राकृतिक गैस और कच्चे तेल का परिवहन होता था।
युद्ध शुरू होने से पहले, होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए पूरी तरह से खुला था, और ट्रंप ने मांग की है कि जहाजों को फिर से जलमार्ग से बिना किसी अवरोध के गुजरने की अनुमति दी जाए।
इस बीच, उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए यूरोपीय संघ के परिवहन मंत्री मंगलवार को ब्रसेल्स में बैठक कर रहे हैं। यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के प्रमुख ने आगाह किया है कि यूरोप के पास जेट ईंधन का भंडार ‘‘शायद छह हफ्तों’’ के लिए ही बचा है। (एपी)


