अंतरराष्ट्रीय
मध्य पूर्व में जारी तनाव के चलते बांग्लादेश में ईंधन की भारी कमी हो गई है. इसलिए टेलीकॉम नेटवर्क के प्रभावित होने का भी खतरा है. एसोसिएशन ऑफ मोबाइल टेलीकॉम ऑपरेटर्स ऑफ बांग्लादेश ने सोमवार को कहा कि ईंधन के बिना टेलीकॉम ऑपरेशनों को जारी रखना अब संभव नहीं है. एसोसिएशन ने आगे कहा, "अगर ये परिस्थितियां जारी रहीं तो देश के महत्वपूर्ण हिस्सों में बड़े पैमाने पर टेलीकॉम नेटवर्क के शटडाउन होने का खतरा है."
एसोसिएशन ने कहा कि ईंधन की कमी का असर दिखना शुरू भी हो गया है. लंबे समय तक बिजली गुल होने और बैकअप सिस्टमों के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध न होने की वजह से मोबाइल नेटवर्क ऑपरेटरों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. एसोसिएशन का कहना है कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कई टेलीकॉम सेंटर बेहद कम ईंधन के साथ काम जारी रखे हुए हैं.
एसोसिएशन के महासचिव मोहम्मद जुल्फिकार ने कहा, "नेटवर्क के आंशिक या पूरी तरह से ठप होने पर कॉल, इंटरनेट, एसएमएस और अन्य सभी सेवाएं ठप हो सकती हैं या गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती हैं." टेलीकॉम कंपनियों के डेटा सेंटरों पर भी बंद होने का खतरा है. एसोसिएशन के मुताबिक, डेटा सेंटरों के बंद होने के चलते, इंटरनेट पूरी तरह से बंद हो सकता है या काफी ज्यादा धीमा हो सकता है. (dw.com/hi)


