अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी का कहना है कि बातचीत के अगले दौर के लिए 'पुख्ता सुरक्षा' के इंतज़ाम किए गए हैं.
लाहौर से बीबीसी न्यूज़ के उस्मान ज़ाहिद ने बताया है कि गृह मंत्रालय के मुताबिक़, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने इस्लामाबाद वार्ता के दूसरे दौर की तैयारियों की समीक्षा के लिए ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मोग़दम से मुलाक़ात की है.
हालांकि ईरान ने अभी तक नई बातचीत में अपनी भागीदारी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन नक़वी का कहना है कि इंतज़ाम पूरे कर लिए गए हैं और आने वाले प्रतिनिधिमंडलों के लिए "पुख़्ता सुरक्षा" के इंतज़ाम किए गए हैं.
उन्होंने ईरानी राजदूत को अपनी हाल की ईरान यात्रा के बारे में भी जानकारी दी.
मोहसिन नक़वी का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के ज़रिए कोई समझौता होना क्षेत्रीय स्थिरता को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए ज़रूरी है.
पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के मुताबिक़, रज़ा अमीरी ने तनाव कम करने की कोशिशों में पाकिस्तान की "सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका" का स्वागत किया है.
मोहसिन नक़वी ने सोमवार को इस्लामाबाद में अमेरिकी राजदूत नताली बेकर से भी मुलाक़ात की है.
अमेरिका-ईरान संभावित वार्ता के लिए इस्लामाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
इमेज कैप्शन,अमेरिका-ईरान के बीच संभावित वार्ता के लिए इस्लामाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम हैं
रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले घोषणा की थी कि सुरक्षा चिंताओं के कारण उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद नहीं जाएंगे, लेकिन बाद में व्हाइट हाउस ने कहा कि वो वार्ता में उपस्थित रहेंगे.
रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उनके प्रतिनिधि सोमवार को पाकिस्तान पहुँचेंगे. पाकिस्तान दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कर रहा है.
हालाँकि ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत में अमेरिकी नाकाबंदी, बहुत अधिक मांगें और धमकी भरी भाषा बड़ी रुकावट है.
दोनों देशों के बीच फ़िलहाल युद्धविराम चल रहा है जो बुधवार को समाप्त होगा. इसी बीच अमेरिका ने ईरान का झंडा लगे मालवाहक जहाज़ पर कब्ज़ा कर लिया है और उसके बाद ईरान ने ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सैन्य पोतों पर ड्रोन हमले कर दिए.
इस बीच इस्लामाबाद से बीबीसी संवाददाता कैरी डेविस ने बताया है कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था काफ़ी कड़ी है शहर के डिप्लोमैटिक इलाक़े की ओर जाने वाली कई सड़कों पर कंटीली बाड़ें लगाई गई हैं.
शहर में पुलिस, सेना और पैरामिलिट्री फ़ोर्स सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं, सरकारी दफ़्तर बंद कर दिए गए हैं और कई यूनिवर्सिटी अपनी क्लासें ऑनलाइन चला रही हैं. (bbc.com/hindi)


