अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप ने कहा, 'ईरान में भी अंजाम वेनेज़ुएला की तरह शानदार होगा'
21-Apr-2026 9:01 AM
ट्रंप ने कहा, 'ईरान में भी अंजाम वेनेज़ुएला की तरह शानदार होगा'

अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध के लिए इसराइल ने कभी नहीं उकसाया. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक ताज़ा पोस्ट में यह बात कही है.

डोनाल्ड ट्रप पर विपक्षी नेता कई बार आरोप लगा चुके हैं कि इसराइल ने उन्हें ईरान युद्ध में घसीट लिया है.

ट्रंप ने लिखा है, ''7 अक्तूबर की घटना ने मेरी इस जीवन भर की राय को और पक्का कर दिया कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए.''

7 अक्तूबर 2023 को हमास ने इसराइल पर हमले किए थे. इस हमले में 1200 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें ज़्यादातर इसराइली थे. हमास नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है कि इसके बाद शुरू हुई इसराइली कार्रवाई में साठ हज़ार से अधिक फ़लस्तीनी मारे गए थे.

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया, ''मैं 'फेक न्यूज़' के जानकारों और पोल्स को पूरे अविश्वास से देखता और पढ़ता हूँ. उनकी 90% बातें झूठ और मनगढ़ंत कहानियाँ होती हैं. उनके पोल्स में भी धांधली होती है. ठीक वैसे ही जैसे साल 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में धांधली हुई थी.''

''वेनेज़ुएला, जिनके अंजाम के बारे में मीडिया बात करना पसंद नहीं करता, उसी तरह ईरान में शानदार नतीजे होंगे. अगर ईरान के नए नेता समझदार निकले, तो ईरान का भविष्य बहुत ही उज्ज्वल और समृद्ध हो सकता है.''

इसी साल जनवरी महीने में वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास से एक गुप्त सैन्य कार्रवाई करके अमेरिका ने देश के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ़्तार कर लिया था. उन्हें अपने देश से उठाकर अमेरिका लाया गया, जहाँ ड्रग्स तस्करी को लेकर उन पर न्यूयॉर्क में मुक़दमा चलाया जा रहा है.(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट