अंतरराष्ट्रीय

इराक़ में अमेरिकी दूतावास ने जारी की चेतावनी, कहा- 'ईरान समर्थित हथियारबंद गुट बना रहे हमले की योजना'
21-Apr-2026 9:00 AM
इराक़ में अमेरिकी दूतावास ने जारी की चेतावनी, कहा- 'ईरान समर्थित हथियारबंद गुट बना रहे हमले की योजना'

बग़दाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि ईरान समर्थित इराक़ी मिलिशिया की ओर से अमेरिकी हितों पर हमले की योजना बनाना जारी है.

सुरक्षा संबंधी चेतावनी के बाद बग़दाद स्थित अमेरिकी दूतावास को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, दूतावास के बयान में कहा गया है, "ईरान से जुड़े इराक़ी चरमपंंथी समूह कुर्दिस्तान क्षेत्र सहित इराक़ के विभिन्न हिस्सों में अमेरिकी नागरिकों और अमेरिका से जुड़े लक्ष्यों के ख़िलाफ़ हमले की योजना बनाना जारी रखे हुए हैं."

अमेरिकी दूतावास ने सोमवार को कहा कि इराक़ी सरकार से संबद्ध कुछ संस्थाएं इन समूहों को राजनीतिक, आर्थिक और अन्य सहायता देना करना जारी रखे हुए हैं.

इस बयान में इराक़ी हवाई क्षेत्र के फिर से खुलने और कुछ कमर्शियल उड़ानों के फिर से शुरू होने का ज़िक्र किया गया है, लेकिन साथ ही अमेरिकी नागरिकों को "इराक़ी हवाई क्षेत्र में मिसाइलों, ड्रोन और प्रक्षेपास्त्रों के निरंतर ख़तरे" के बारे में चेतावनी दी गई है.

इससे पहले अमेरिकी नागरिकों को उच्च सुरक्षा जोखिमों के कारण बग़दाद स्थित दूतावास या इरबिल स्थित वाणिज्य दूतावास में न जाने के लिए कहा गया था.

अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों से इराक़ की यात्रा न करने का भी आग्रह किया.

बयान में कहा गया, "किसी भी कारण से इराक़ की यात्रा न करें. अगर आप इराक़ में हैं, तो तुरंत वहां से निकल जाएं."

अमेरिका दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "इराक़ में सभी नियमित कॉन्सुलर सेवाएँ, जिनमें सभी वीज़ा सेवाएँ भी शामिल हैं, अभी निलंबित हैं."

अमेरिका दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सलाह भी जारी की है. इसमें कहा गया है कि लोग अमेरिकी दूतावास से सुरक्षा और बचाव संबंधी अपडेट पाने के लिए स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (एसटीईपी) में अपना नाम दर्ज कराएँ.

लोगों से कहा गया है कि वे अपने परिवार और दोस्तों से लगातार संपर्क बनाए रखें और उन्हें अपनी स्थिति के बारे में जानकारी देते रहें.

अमेरिका दूतावास ने सलाह दी है, "लोग अपने पास भोजन, पानी, दवाएँ और अन्य ज़रूरी चीज़ों का पर्याप्त भंडार रखें. किसी हमले की स्थिति में, मलबे से दूर रहें और आधिकारिक निर्देशों के लिए समाचार माध्यमों पर नज़र रखें." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट