अंतरराष्ट्रीय

जर्मनी में यौन हिंसा के मामले बढ़े, 98 फीसदी आरोपी पुरुष
21-Apr-2026 8:57 AM
जर्मनी में यौन हिंसा के मामले बढ़े, 98 फीसदी आरोपी पुरुष

जर्मनी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च, 2024) के अवसर पर, एक व्यक्ति दीवार पर महिलाओं के खिलाफ घृणा अपराध के विरोध में बने एक बड़े चित्र के पास से गुजरता हुआ.जर्मनी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च, 2024) के अवसर पर, एक व्यक्ति दीवार पर महिलाओं के खिलाफ घृणा अपराध के विरोध में बने एक बड़े चित्र के पास से गुजरता हुआ.

जर्मनी में साल 2025 के दौरान कुल अपराध दर में 5.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. यह जानकारी देश के गृह मंत्री आलेक्जांडर डोबरिंट ने संघीय अपराध आंकड़ों की वार्षिक रिपोर्ट पेश करते हुए दी. उनके मुताबिक, इस गिरावट की एक बड़ी वजह कैनबिस को वैध किए जाने का फैसला है, जिससे ड्रग्स से जुड़े अपराधों में कमी आई है. रिपोर्ट के अनुसार, हिंसक अपराधों में भी 2.3 फीसदी की हल्की कमी आई, जबकि चोरी के मामलों में 6.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

हालांकि, यौन उत्पीड़न के मामलों में 8.5 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि अब समाज में लैंगिक हिंसा की रिपोर्टिंग को लेकर जागरूकता बढ़ी है और पीड़ित खुलकर सामने आ रहे हैं. आंकड़ों के मुताबिक, ऐसे मामलों में आरोपी ज्यादातर पीड़ितों के मौजूदा पार्टनर या एक्स ही होते हैं और करीब 98.6 फीसदी आरोपी पुरुष हैं. 

इसके अलावा, बच्चों से जुड़े अश्लील कंटेंट के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है, जिसमें एआई से बन रहे कंटेंट की भूमिका बताई जा रही है. इस बीच, जर्मन सरकार और चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स की आलोचना भी हुई है, क्योंकि उन्होंने अपराध बढ़ने के लिए प्रवासियों को जिम्मेदार ठहराने के संकेत दिए थे, जबकि आंकड़े कुछ और ही कहते हैं. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि डीपफेक तकनीक महिलाओं और लोकतंत्र दोनों के लिए नई चुनौतियां खड़ी कर रही है.  (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट