अंतरराष्ट्रीय
-सोफिया फेरेरा सैंटोस
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगी नाकाबंदी तब तक नहीं हटाएगा, जब तक ईरान के साथ कोई समझौता नहीं हो जाता.
ट्रंप का यह बयान उस समय आया है जब यह साफ़ नहीं है कि युद्ध ख़त्म करने के लिए दूसरे दौर की बातचीत होगी या नहीं.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "नाकाबंदी ईरान को पूरी तरह तबाह कर रही है. वे हर दिन 500 मिलियन डॉलर गंवा रहे हैं, ऐसा लंबे समय तक चलना नामुमकिन है."
दूसरी ओर, ईरान कह चुका है कि जब तक ईरान के बंदरगाहों से अमेरिकी नाकाबंदी नहीं हटाई जाएगी, तब तक बातचीत नहीं होगी.
गौरतलब है कि पाकिस्तान की राजधानी में बैठक की संभावना को देखते हुए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. लेकिन बैठक में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने वाले उप राष्ट्रपति जेडी वेंस अभी तक वॉशिंगटन से रवाना नहीं हुए हैं.
वहीं ईरान ने कहा है कि उसने अब तक यह तय नहीं किया है कि वह बैठक में शामिल होगा या नहीं. (bbc.com/hindi)


