अंतरराष्ट्रीय
इमेज कैप्शन,स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज (बाएं) ने कहा कि यूरोपीय यूनियन को इसराइल से संबंध तोड़ लेने चाहिए, इस पर इसराइली विदेश मंत्री गिदोन सार ने तीखी प्रतिक्रिया दी (फ़ाइल फ़ोटो)
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा है कि 'अब समय आ गया है जब यूरोपीय यूनियन को इसराइल के साथ अपना एसोसिएशन एग्रीमेंट तोड़ लेना चाहिए.'
उन्होंने कहा, ''हमें इसराइल के लोगों से कोई शिकायत नहीं है; बल्कि इसके विपरीत जो सरकार अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करती है और इस तरह यूरोपीय यूनियन के सिद्धांतों और मूल्यों का भी, वह हमारी साझीदार नहीं हो सकती.''
उन्होंने एक्स पर अपनी पोस्ट में बड़े अक्षरों के साथ लिखा, "युद्ध नहीं (NO TO WAR)."
पेड्रो सांचेज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अपना यह बयान साझा किया है. उनके इस बयान पर इसराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
गिदोन सार ने पेड्रो सांचेज़ को टैग करते हुए एक्स पर लिखा, ''हम ऐसे किसी भी व्यक्ति की पाखंडपूर्ण व्याख्या स्वीकार नहीं करेंगे, जिसके संबंध उन तानाशाही शासनों से हैं जो मानवाधिकारों का उल्लंघन करते हैं. जैसे कि अर्दोआन का तुर्की या मादुरो का वेनेज़ुएला.''
उन्होंने आगे लिखा, ''एक ऐसी सरकार जिसे ईरान के क्रूर शासन और आतंकवादी संगठनों से सराहना मिलती है और जिसने ख़ुद को यहूदी-विरोध फैलाने के लिए समर्पित कर दिया है.''
गिदोन सार ने पेड्रो सांचेज़ की भाषा को कॉपी करते हुए लिखा, ''स्पेन के नागरिकों के प्रति हमारे मन में कोई दुर्भावना नहीं है, बल्कि इसके विपरीत हमारी आपत्ति सांचेज़ की सरकार के दोहरे मापदंडों के ख़िलाफ़ है.'' (bbc.com/hindi)


