अंतरराष्ट्रीय

नाटो महासचिव मार्क रूटे ने अलायंस से अमेरिका के निकलने की संभावना को किया खारिज
19-Apr-2026 12:52 PM
नाटो महासचिव मार्क रूटे ने अलायंस से अमेरिका के निकलने की संभावना को किया खारिज

 बर्लिन, 19 अप्रैल । नाटो के महासचिव मार्क रूटे ने एक इंटरव्यू में अलायंस से अमेरिका के संभावित हटने की चिंताओं को खारिज कर दिया है। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ कार्रवाई के दौरान यूएस का साथ ना देने के लिए नाटो की कड़ी आलोचना की। ट्रंप की आलोचना के बीच नाटो चीफ का ये बयान सामने आया है। शनिवार को जर्मन अखबार वेल्ट एम सोन्नतांग के साथ छपे एक इंटरव्यू में रूटे ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अमेरिका नाटो छोड़ेगा, लेकिन उन्होंने एक मजबूत अलायंस के अंदर एक मजबूत यूरोप की जरूरत पर जोर दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में शिकायत की थी कि यूरोपीय सहयोगी ईरान के साथ युद्ध का समर्थन करने को तैयार नहीं हैं, उन्होंने नाटो को कागजी शेर कहा था। इसके साथ ही व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेटिव ने ब्रीफिंग के दौरान जानकारी दी थी कि राष्ट्रपति ट्रंप नाटो से हटने पर विचार कर रहे हैं। रूटे ने कहा कि ट्रंप कुछ नाटो सदस्य देशों से स्पष्ट रूप से निराश हैं और वे अमेरिकी राष्ट्रपति की इस नाराजगी को समझते हैं।

साथ ही उन्होंने दोहराया कि अमेरिकी परमाणु सुरक्षा कवच (न्यूक्लियर अम्ब्रेला) अब भी यूरोप की सुरक्षा का अंतिम गारंटर बना हुआ है। इस महीने की शुरुआत में, ट्रंप ने ईरान संघर्ष पर अलायंस की प्रतिक्रिया को लेकर बढ़ते मतभेदों के बीच, महासचिव रूटे से मुलाकात में अमेरिका के नाटो से पीछे हटने की संभावना पर चर्चा की थी। लेविट ने ट्रंप के हवाले से कहा कि राष्ट्रपति की परीक्षा में नाटो फेल हो गया। वहीं नाटो छोड़ने के सवाल पर व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने कहा, “राष्ट्रपति ने इस पर विचार किया है और मुझे लगता है कि प्रेसिडेंट इस पर बात करेंगे।” रूटे ने पहले तनाव को माना था लेकिन कहा था कि ज्यादातर साथियों ने अमेरिका का समर्थन किया था। मीटिंग के बाद उन्होंने अमेरिकी मीडिया सीएनएन से कहा, “वह साफ तौर पर निराश हैं लेकिन ज्यादातर यूरोपीय देश मददगार रहे हैं।” उन्होंने बातचीत को “बहुत साफ, बहुत खुला” बताया। रूटे ने कहा कि यूरोपीय देशों ने लड़ाई के दौरान बेसिंग, लॉजिस्टिक्स, ओवरफ्लाइट्स और दूसरी मदद दी थी। साथ ही, नाटो के महासचिव ने माना कि सभी साथी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। इससे पहले ट्रंप ने नाटो की आलोचना करते हुए कहा कि गठबंधन ने अमेरिका का साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा, "मैं नाटो से बहुत निराश हूं। हम इस पर खरबों डॉलर खर्च करते हैं, लेकिन वे हमारे साथ नहीं थे।" -(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट