अंतरराष्ट्रीय
-बारबरा मेट्ज़लर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के मुताबिक़, ईरान से जुड़े जहाज़ों पर नाकाबंदी सोमवार शाम 07:30 बजे (भारतीय समयानुसार) से लागू हो गई है.
इससे पहले बीबीसी वैरिफ़ाई ने मध्य-पूर्व क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के युद्धपोतों की लोकेशन जानने के लिए सैटेलाइट तस्वीरों की जांच की.
शनिवार की सैटेलाइट तस्वीरों में यूएसएस अब्राहम लिंकन एयरक्राफ्ट कैरियर ओमान की खाड़ी के पूर्वी किनारे पर दिखा. इसकी लोकेशन ईरानी तट से लगभग 200 किलोमीटर (124 मील) दक्षिण में मिली.
ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल का युद्ध शुरू होने के बाद से यह पहली बार है जब परमाणु ऊर्जा से संचालित इस युद्धपोत को खाड़ी के इतने क़रीब देखा गया है.
सैटेलाइट तस्वीरों में पास में मौजूद दो अन्य युद्धपोत, उनके आकार और बनावट में अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल डेस्ट्रॉयर जहाज़ों से मेल खाते हैं.
संभावना है कि ये यूएसएस अब्राहम लिंकन के कैरियर स्ट्राइक ग्रुप का हिस्सा हों, लेकिन तस्वीरों में दिख रहे इन जहाज़ों की सटीक पहचान नहीं की जा सकी है. (bbc.com/hindi)


