अंतरराष्ट्रीय

ईरान ने कहा, 'हमारा भरोसा जीतना अमेरिका के हाथ में, जिसमें वो नाकाम रहा है'
13-Apr-2026 10:03 AM
ईरान ने कहा, 'हमारा भरोसा जीतना अमेरिका के हाथ में, जिसमें वो नाकाम रहा है'

REUTERS/ PAKISTAN’S PRIME MINISTER OFFICE


इस्लामाबाद में हुई वार्ता में अपने देश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाक़र क़ालीबाफ़ ने कहा है कि अब अमेरिका के लिए "यह तय करने का समय है कि वह हमारा भरोसा जीत सकता है या नहीं."

सोशल मीडिया एक्स पर अपनी पोस्ट में क़ालीबाफ़ ने कहा कि उन्होंने बातचीत से पहले इस बात पर ज़ोर दिया था कि ईरान के पास "अच्छी मंशा और इच्छाशक्ति" थी, लेकिन पिछले दो युद्धों के अपने अनुभवों की वजह से उसे "विरोधी पक्ष पर कोई भरोसा नहीं था."

उनका कहना है कि ईरानी डेलीगेशन ने "आगे की पहल की, लेकिन विरोधी पक्ष आख़िरकार बातचीत के इस दौर में ईरानी डेलीगेशन का भरोसा जीतने में नाकाम रहा."

उन्होंने आगे लिखा, "हम ईरान की सुरक्षा के चालीस दिनों की उपलब्धियों को मज़बूत करने की अपनी कोशिशों को एक पल के लिए भी नहीं रोकेंगे."

क़ालीबाफ़ ने एक्स पर इस मुद्दे पर कई पोस्ट किए हैं.

उन्होंने लिखा, “बातचीत काफ़ी विस्तृत थी और इसे आसान बनाने के लिए हम पाकिस्तान को धन्यवाद देते हैं.” (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट