अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही है. अब ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि वे समझौते से कुछ ही दूर थे.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "47 साल में सबसे ऊंचे स्तर पर गहन बातचीत हुई. ईरान ने अमेरिका से अच्छे इरादे के साथ युद्ध ख़त्म करने के लिए बात की."
"लेकिन जब हम 'इस्लामाबाद समझौते' से बस कुछ क़दम दूर थे, तभी हमारे सामने ज़्यादा मांगें रखी गईं, बदलती हुई शर्तों और प्रतिबंधों को सामने रखा गया."
उन्होंने अमेरिका पर तंज़ कसते हुए लिखा, "कोई सीख नहीं मिली. अच्छी नीयत से अच्छी नीयत मिलती है. दुश्मनी से दुश्मनी मिलती है."
गौरतलब है कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध ख़त्म करने को लेकर बातचीत हुई, लेकिन यह बेनतीजा रही.
इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी कि अब अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले हर एक जहाज़ की नाकेबंदी करेगा. (bbc.com/hindi)


