अंतरराष्ट्रीय
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम समझौते का पूरा सम्मान होना चाहिए और इसे लेबनान तक बढ़ाया जाना चाहिए.
मैक्रों ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ''मैंने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ मध्य-पूर्व की स्थिति पर चर्चा की और युद्धविराम के लिए अपने समर्थन को दोहराया, जिसका पूरी तरह से सम्मान किया जाना चाहिए. इस युद्धविराम को बिना किसी देरी के लेबनान तक बढ़ाया जाना चाहिए.''
उन्होंने बताया, ''हमने होर्मुज़ स्ट्रेट में पूरी तरह से स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही को जल्द से जल्द बहाल करने की आवश्यकता पर चर्चा की. इस्लामाबाद में अभी-अभी चर्चाएँ शुरू हुई हैं, इसलिए हम तनाव कम करने, जहाज़ों के आने-जाने की आज़ादी सुनिश्चित करने, और इस क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले किसी समझौते को पूरा करने में योगदान के लिए एक-दूसरे के साथ लगातार संपर्क में रहने पर सहमत हुए.''
इससे पहले मैक्रों ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि उन्होंने तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन के साथ एक बैठक की और मध्य पूर्व समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की.
उन्होंने बताया, ''हमने लेबनान में संघर्षविराम का पालन करने और उसे लागू करने, होर्मुज़ स्ट्रेट में शिपिंग की स्वतंत्रता को बनाए रखने का आह्वान किया, और एक मज़बूत, स्थायी कूटनीतिक समाधान की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.'' (bbc.com/hindi)


