अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया है, ''बड़ी संख्या में खाली तेल टैंकर अमेरिका की ओर बढ़ रहे हैं ताकि वे दुनिया के सबसे अच्छे और मीठे तेल (और गैस) को भर सकें."
ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया, "दुनिया की दो सबसे बड़ी ऑयल इकोनॉमी को मिलाकर जितना तेल होता है, अमेरिका के पास उससे भी ज़्यादा तेल है, और उसकी क्वालिटी भी बेहतर है."
ट्रंप ने तेल के ख़रीदारों से कहा, ''हम आपका इंतज़ार कर रहे हैं. जल्दी आइए.''
ट्रंप ने यह पोस्ट ऐसे समय में की है जब अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच युद्ध के दौरान वैश्विक तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव आया है.
बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतें इस हफ़्ते की शुरुआत में 111 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुँच गई थीं, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ़्ते के लिए सशर्त युद्धविराम समझौते पर सहमति बनने के बाद तेल की कीमतों में क़रीब 15% की गिरावट आई है.
अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते में होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलना भी शामिल है.
होर्मुज़ स्ट्रेट जहाज़ों की आवाजाही का एक अहम समुद्री रास्ता है. ईरान ने यहाँ से जहाज़ों के गुज़रने पर नाकेबंदी कर रखी है, जिससे पेट्रोल, डीज़ल, गैस और खाने-पीने की चीज़ों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.
कच्चे तेल की कीमतें 28 फ़रवरी को संघर्ष शुरू होने से पहले के स्तर से अब भी ज़्यादा हैं. उस समय इसकी कीमत क़रीब 70 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल थी.(bbc.com/hindi)


