अंतरराष्ट्रीय
ईरान ने दावा किया है कि उसकी कड़ी चेतावनी के बाद अमेरिका का एक विध्वंसक जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट से वापस लौट गया है.
मुंबई के ईरानी कॉन्सुलेट जनरल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.
एक्स पर की गई पोस्ट में लिखा है, ''ईरान ने पाकिस्तान के ज़रिए यह संदेश दिया कि ‘अगर यह जहाज़ आगे बढ़ता रहा, तो आधे घंटे के अंदर इसे निशाना बनाया जाएगा, और इससे ईरान-अमेरिका शांति वार्ता पर असर पड़ेगा.''
इस बीच पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता चल रही है. शनिवार शाम चार बजे के क़रीब ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों के बीच बातचीत शुरू हुई.
इस्लामाबाद में बीबीसी उर्दू के संवाददाता रुहान अहमद ने बताया है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत का पहला राउंड ख़त्म हो गया है.
दो सरकारी अधिकारियों ने बीबीसी उर्दू को पुष्टि की है कि ढाई घंटे की बातचीत में पाकिस्तानी मध्यस्थ भी मौजूद थे.
बातचीत के लिए ईरानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार की रात इस्लामाबाद पहुंचा था, जबकि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल शनिवार की सुबह इस्लामाबाद आया था.
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक लंबी पोस्ट में संघर्ष के दौरान उनके प्रशासन द्वारा किए गए दावों को दोहराया: "उनकी नौसेना समाप्त हो चुकी है, उनकी वायुसेना खत्म हो चुकी है."
ट्रंप ने कहा, "उनका एंटी‑एयरक्राफ्ट सिस्टम अस्तित्वहीन है, राडार ख़त्म हो चुका है, उनके मिसाइल और ड्रोन कारख़ाने काफ़ी हद तक नष्ट कर दिए गए हैं, मिसाइलें और ड्रोन ख़ुद भी नष्ट हो चुके हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उनके लंबे समय से चले आ रहे 'नेता' अब हमारे बीच नहीं हैं."
ईरान द्वारा समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने का ज़िक्र करने के बाद उन्होंने कहा कि अब अमेरिका "दुनिया भर के देशों के लिए उपकार के तौर पर होर्मुज़ स्ट्रेट की सफ़ाई शुरू कर रहा है." (bbc.com/hindi)


