अंतरराष्ट्रीय

इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान की बातचीत अब भी जारी, दोनों पक्षों ने इन मुद्दों पर की चर्चा
12-Apr-2026 8:38 AM
इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान की बातचीत अब भी जारी, दोनों पक्षों ने इन मुद्दों पर की चर्चा

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हो रही बातचीत अब भी जारी है. ईरानी मीडिया का कहना है कि यह बातचीत रविवार को भी जारी रहेगी.

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने इसकी पुष्टि करते हुए एक्स पर लिखा, "शनिवार की सुबह से पाकिस्तान के उदार प्रयासों और मध्यस्थता के साथ शुरू हुई गहन बातचीत बिना किसी रुकावट के अब तक जारी है."

उन्होंने कहा, "दोनों पक्षों के बीच कई संदेशों का आदान-प्रदान हुआ."

इस्माइल बक़ाई ने बताया कि पिछले 24 घंटों में दोनों पक्षों के बीच विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई, जिनमें "होर्मुज़ स्ट्रेट, परमाणु मुद्दा, युद्ध मुआवज़ा, प्रतिबंधों को हटाना और ईरान और क्षेत्र में युद्ध का पूरी तरह अंत शामिल है."

इससे पहले ईरानी मीडिया की रिपोर्ट्स में कहा गया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत रविवार को भी जारी रहेगी.

ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी तसनीम के मुताबिक़, अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता रविवार को भी कुछ घंटों तक जारी रहेगी.

रिपोर्ट में कहा गया कि दोनों पक्ष पाकिस्तान के प्रस्ताव पर सहमत हुए हैं और रविवार को वार्ता का एक और दौर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है.(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट