अंतरराष्ट्रीय
इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इसराइल का लेबनान के साथ किसी भी तरह का 'संघर्षविराम लागू नहीं' है.
इससे पहले उन्होंने एक बयान में कहा था कि उन्होंने अपनी कैबिनेट को लेबनान से बातचीत के निर्देश दिए हैं.
इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने नेतन्याहू का एक वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है. इस वीडियो में नेतन्याहू उत्तरी इसराइल के निवासियों को संबोधित करते नज़र आ रहे हैं.
उन्होंने कहा, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि लेबनान में कोई संघर्षविराम लागू नहीं है. हम पूरी ताक़त से हिज़्बुल्लाह पर हमले जारी रखे हुए हैं और हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक आपकी सुरक्षा बहाल नहीं कर देते."
इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय ने नेतन्याहू का एक अन्य बयान जारी किया.
नेतन्याहू ने कहा, "लेबनान की ओर से इसराइल के साथ सीधे बातचीत शुरू करने के बार-बार किए गए अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए मैंने कल सरकार की बैठक में निर्देश दिया कि लेबनान के साथ जल्द से जल्द सीधे बातचीत शुरू की जाए."
उन्होंने लेबनान के प्रधानमंत्री की 'बेरूत के निरस्त्रीकरण' की अपील की तारीफ़ करते हुए यह भी कहा, "यह बातचीत हिज़्बुल्लाह के हथियार छोड़ने और इसराइल और लेबनान के बीच शांतिपूर्ण संबंध स्थापित करने पर केंद्रित होगी." (bbc.com/hindi)


