अंतरराष्ट्रीय
नेपाल के अधिकारियों ने कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. 'डिपार्टमेंट ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग इन्वेस्टिगेशन' के अनुरोध पर काठमांडू की अदालत ने उनकी पत्नी और पूर्व विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा के खिलाफ भी वारंट जारी किया है. नई सरकार के सत्ता में आने के बाद भ्रष्टाचार की जांच के दायरे में आने वाले देउबा नवीनतम और सबसे बड़े हाई-प्रोफाइल नेता बन गए हैं.
नेपाली कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और पांच बार प्रधानमंत्री रह चुके देउबा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि उनके परिवार की संपत्ति को लेकर झूठा प्रचार किया जा रहा है. देउबा ने जानकारी दी कि वे और उनकी पत्नी वर्तमान में लंबी अवधि के चिकित्सा उपचार के लिए विदेश में हैं. हालांकि उन्होंने सटीक स्थान का खुलासा नहीं किया, लेकिन नेपाली मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार दोनों हाल ही में सिंगापुर में थे और अब पुलिस उनके खिलाफ इंटरपोल नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है.
यह बड़ी कार्रवाई नेपाल में हुए हालिया सत्ता परिवर्तन के ठीक एक महीने बाद हुई है. 35 वर्षीय पूर्व रैपर और नेता बालेन्द्र शाह ने युवाओं के नेतृत्व वाले राजनीतिक बदलाव के वादे के साथ हाल ही में भारी बहुमत से चुनाव जीता है और प्रधानमंत्री का पद संभाला है. (dw.com/hi)


