अंतरराष्ट्रीय

ईरान-अमेरिका की बातचीत के लिए इस्लामाबाद में खाली करवाया गया होटल
10-Apr-2026 8:29 AM
ईरान-अमेरिका की बातचीत के लिए इस्लामाबाद में खाली करवाया गया होटल

इस्राएल ने गुरुवार, 9 अप्रैल को लेबनान में और अधिक ठिकानों पर बमबारी की. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस्राएल के हालिया हमलों में 200 से अधिक लोगों की मौत हुई है और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं. ये हमले ईरान और अमेरिका के बीच अस्थायी युद्धविराम की घोषणा के बाद हुए हैं. इस्राएल का कहना है कि लेबनान इस युद्धविराम समझौते में शामिल नहीं है. वहीं, ईरान का कहना है कि लेबनान पर इस्राएली हमले युद्धविराम का गंभीर उल्लंघन हैं. लेबनान पर सहमति न बनने के चलते यह युद्धविराम खतरे में पड़ता दिख रहा है. 

दूसरी ओर, इस अस्थायी युद्धविराम में अहम भूमिका निभाने वाला पाकिस्तान अब आगे की बातचीत के लिए तैयारी कर रहा है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, संभावित बातचीत के पहले चरण से पहले इस्लामाबाद में सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं. फाइव स्टार सेरेना होटल के तीन किलोमीटर के दायरे में आने वाली सड़कों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है. संभावना है कि ईरानी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य इसी होटल में रुकेंगे. होटल में रुके लोगों को एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का हवाला देते हुए होटल छोड़ने के लिए कह दिया गया है.   (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट