अंतरराष्ट्रीय
इस्राएली सेना (आईडीएफ) ने गुरुवार को दावा किया है कि उसने हिज्बुल्लाह के शीर्ष नेता नईम कासिम के भतीजे, अली यूसुफ हरशी को एक हमले में मार गिराया है. इस्राएली रक्षा बलों ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि हरशी, नईम कासिम के कार्यालय के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे.
हिज्बुल्लाह की ओर से अभी तक हरशी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. हालांकि, लेबनानी सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि बुधवार शाम को एक 10 मंजिला इमारत के उस फ्लैट पर भीषण हमला हुआ था, जहां कथित तौर पर हरशी ठहरे हुए थे.
इस घटनाक्रम के बीच, इस्राएल के रक्षा मंत्री इस्राएल काट्ज कई बार यह स्पष्ट कर चुके हैं कि हिज्बुल्लाह प्रमुख नईम कासिम भी उनकी हिट लिस्ट में शामिल हैं. गौरतलब है कि लंबे समय तक हिज्बुल्लाह का नेतृत्व करने वाले हसन नसरल्लाह के सितंबर 2024 में इस्राएली हमले में मारे जाने के बाद, नईम कासिम ने अक्टूबर 2024 में संगठन की कमान संभाली थी. (dw.com/hi)


