अंतरराष्ट्रीय
-ग़ोंचेह हबीबीज़ाद
ईरान के मीडिया संस्थानों की रिपोर्ट्स में कहा गया है कि देश के पूर्व विदेश मंत्री कमाल ख़राज़ी की मौत हो गई है.
रिपोर्ट्स में कहा गया कि इस महीने की शुरुआत में हुए एक हमले में वो घायल हो गए थे.
ख़राज़ी को ईरान की सियासत में एक सुधारवादी नेता, देश की स्ट्रैटेजिक काउंसिल ऑन फ़ॉरेन रिलेशंस के प्रमुख और दिवंगत सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई के सलाहकार के तौर पर जाना जाता था.
उन्होंने 1997 से 2005 तक ईरान के विदेश मंत्री के रूप में काम किया.
ईरान की सुधारवादी समर्थक जामरान न्यूज़ वेबसाइट ने एक अप्रैल को रिपोर्ट किया था कि कमाल ख़राज़ी एक हमले के बाद "गंभीर रूप से घायल हो गए थे और अस्पताल में भर्ती थे".
इस रिपोर्ट के अनुसार उस हमले में उनकी पत्नी की मौत हो गई थी. जामरान ने यह भी बताया था कि तेहरान में ख़राज़ी के घर को निशाना बनाया गया था. (bbc.com/hindi)


