अंतरराष्ट्रीय
नासा के आर्टेमिस-2 मिशन के अंतरिक्ष यात्रियों ने सोमवार को इतिहास रचते हुए पृथ्वी से सबसे दूर जाने का मानव रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. ओरियन कैप्सूल ने 252,752 मील (लगभग 4,06,765 किलोमीटर) की दूरी तय की, जो अप्रैल 1970 में अपोलो-13 मिशन द्वारा बनाए गए 248,655 मील के पिछले रिकॉर्ड से कहीं अधिक है. यह उपलब्धि चंद्रमा के चारों ओर 'लूनर फ्लाईबाई' और अवलोकन शुरू करने से ठीक एक घंटे पहले हासिल की गई.
इससे पहले सोमवार को ही ओरियन कैप्सूल चंद्रमा के गुरुत्वाकर्षण प्रभाव क्षेत्र में प्रवेश कर गया था, जहां पृथ्वी की तुलना में चंद्रमा का खिंचाव यान पर अधिक प्रभावी हो गया. अपने सफर के दौरान यह यान चंद्रमा के सुदूर हिस्से से मात्र 7,500 किलोमीटर की दूरी से गुजरा. इस मिशन का मार्ग अंतरिक्ष में '8' के अंक जैसा है, जो यान को सुरक्षित रूप से पृथ्वी और चंद्रमा के चक्कर लगवाकर वापस लाएगा. (dw.com/hi)


