अंतरराष्ट्रीय
ईरानी सरकारी मीडिया ने पुष्टि की है कि सोमवार को हुए एक इस्राएली हवाई हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के खुफिया प्रमुख मजीद खादेमी मारे गए हैं. खादेमी उन 25 लोगों में शामिल थे, जो सोमवार को ईरान पर अमेरिका और इस्राएल द्वारा किए गए हवाई हमलों में मारे गए. इस्राएली रक्षा मंत्री इस्राएल कात्स ने इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि वे "आतंकियों के नेताओं" को चुन-चुनकर निशाना बना रहे हैं और यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान की सैन्य कमान पूरी तरह कमजोर नहीं हो जाती.
युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने अपने कई शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को खोया है, जिनमें सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी और गार्ड्स के कमांडर-इन-चीफ मोहम्मद पाकपुर शामिल हैं. हालांकि, रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान की विकेंद्रीकृत कमान संरचना के कारण वरिष्ठ अधिकारियों की मौत के बावजूद वह अपनी सैन्य कार्रवाइयों और हमलों का समन्वय जारी रखने में सक्षम है. यही कारण है कि नेतृत्व को भारी नुकसान पहुंचने के बाद भी जमीनी स्तर पर ईरान की आक्रामकता कम नहीं हुई है.
जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी रविवार देर रात और सोमवार सुबह इस्राएल और खाड़ी के देशों पर ड्रोन और मिसाइलें दागीं. इस्राएल के हाइफा शहर में एक अपार्टमेंट पर हुए ईरानी मिसाइल हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई. (dw.com/hi)


