अंतरराष्ट्रीय

ईरान युद्ध के चलते जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा खाना और दवाएं
07-Apr-2026 11:04 AM
ईरान युद्ध के चलते जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा खाना और दवाएं

सहायता समूहों ने चेतावनी दी है कि मध्यपूर्व में जारी युद्ध के चलते दुनियाभर में लाखों जरूरतमंद लोगों तक खाना और दवाएं पहुंचाने की उनकी क्षमता कम हो गई है. समूहों का कहना है कि अगर संघर्ष जारी रहा तो यह स्थिति और गंभीर हो जाएगी. संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि कोविड के बाद से यह सप्लाई चेन में सबसे बड़ी बाधा है और इसके चलते शिपमेंट की लागत 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है. 

दरअसल, मध्यपूर्व में जारी जंग के चलते कई अहम शिपिंग रूट बाधित हो गए हैं. इससे वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट तो पैदा हुआ ही है, साथ ही सहायता समूहों की सप्लाई चेन भी बिगड़ गई हैं. अब सहायता सामग्री भेजने के लिए ऐसे मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जो महंगे हैं और समय भी ज्यादा लेते हैं. ईंधन और बीमा की कीमतें बढ़ने के चलते भी सहायता सामग्री को पहुंचाना महंगा हुआ है. 

विश्व खाद्य कार्यक्रम ने बताया है कि हजारों मीट्रिक टन खाद्य पदार्थ परिवहन में देरी के चलते अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच सके हैं. इंटरनेशनल रेस्क्यू कमेटी ने बताया है कि 130,000 डॉलर कीमत की दवाएं दुबई में फंसी हुई हैं, जबकि इन्हें युद्धग्रस्त सूडान में भेजा जाना था. इसके अलावा, ऊर्जा और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन के करीब 670 डिब्बे भारत में फंसे हुए हैं, जिन्हें सोमालिया के कुपोषित बच्चों के लिए भेजा जाना था. (dw.com/hi) 


अन्य पोस्ट