अंतरराष्ट्रीय
X/@ARAGHCHI
अमेरिका ने ईरान के 'सबसे बड़े पुल' पर हमला किया है. इसकी जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें विस्फोट की जगह से काला धुआँ उठता दिख रहा है.
उन्होंने कहा, "ईरान का सबसे बड़ा पुल ढहाकर गिरा दिया गया है, अब इसका फिर कभी इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा."
इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को फिर से चेतावनी दी है. उन्होंने कहा, "यह ईरान के लिए समझौता करने का समय है, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए और वहाँ कुछ भी न बचे, जो कि अब भी एक महान देश बन सकता है."
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने इस हमले की पुष्टि की है और नागरिक इन्फ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
अराग़ची ने कहा, "अधूरे बने पुलों समेत नागरिक इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर हमले ईरानियों को सरेंडर करने के लिए मजबूर नहीं करेंगे. यह केवल अव्यवस्था में फंसे एक दुश्मन की हार और नैतिक पतन को दिखाता है."
उन्होंने कहा, "हर पुल और इमारत को फिर से पहले से ज़्यादा मज़बूती के साथ बनाया जाएगा. जो कभी रिकवर नहीं हो पाएगा, वह है अमेरिका की साख को हुआ नुक़सान." (bbc.com/hindi)


